अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के लखनपुर नगर पंचायत अंतर्गत प्रतीक्षा बस स्टैंड पर स्थित सामुदायिक शौचालय इन दिनों अपनी बदहाली के आंसू रो रहा है। पिछले तीन दिनों से यहां पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप होने के कारण शौचालय बंद पड़ा है, जिससे स्थानीय निवासियों और दूर-दराज से आने वाले यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान में क्षेत्र में शादी-ब्याह का सीजन चल रहा है, जिसके चलते ब्लॉक मुख्यालय होने के कारण लखनपुर में लोगों की आवाजाही काफी बढ़ गई है।
इसके अतिरिक्त, यह क्षेत्र अम्बिकापुर-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर स्थित होने की वजह से रोजाना सैकड़ों मुसाफिर अपनी यात्रा के दौरान इस बस स्टैंड और यहां के सामुदायिक शौचालय का उपयोग करते हैं। ऐसे में पिछले तीन दिनों से पानी न आने के कारण बुनियादी सुविधाओं का यह अभाव लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है। नगरवासियों सहित आसपास के ग्रामीणों और यात्रियों ने नगर पंचायत प्रशासन से इस गंभीर समस्या का संज्ञान लेते हुए जल्द से जल्द शौचालय में पानी की व्यवस्था सुचारू करने और व्यवस्था में सुधार की मांग की है।

