रायपुर: सीतापुर थाना क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत और कई घायलों के घायल होने की खबर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
सीएम ने घायलों के बेहतर इलाज के दिए निर्देश
मुख्यमंत्री साय ने प्रशासन को घायलों के इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने और उन्हें हर संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार घायलों की मदद के लिए पूरी तरह तत्पर है और उन्हें जल्द से जल्द उचित इलाज मुहैया कराया जाएगा।
क्या है मामला?
बता दें कि बुधवार को 12:30 बजे सीतापुर थाना क्षेत्र के बिशुनपुर प्लांट के पास NH-43 पर तेज रफ्तार कंटेनर और बोलेरो की जबरदस्त भिड़ंत हो गई थी। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी श्रद्धालु किलकिला शिव मंदिर से दर्शन कर घर लौट रहे थे। सभी लोग सखौली-रेवापुर के रहने वाले हैं।
हादसे के बाद मौके पर हंगामा
हादसे के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने कंटेनर में आग लगा दी, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया था। सीतापुर पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
सरकार पीड़ितों के साथ – सीएम
सीएम साय ने कहा कि यह घटना बेहद दुखद और हृदयविदारक है। सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और हर संभव मदद की जाएगी।

