अंबिकापुर। सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के बीच चरित्र शंका को लेकर हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया। गुस्से में पत्नी ने अपने पति पर ईंट-पत्थर और लकड़ी के फाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मामले का खुलासा होने के बाद बतौली पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त सामान भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, कदनई लोटाभावना निवासी नेतराम मझवार और उसकी पत्नी मानकुंवर 26 जून की रात घर पर थे। दोनों शराब पीकर घर लौटे थे, जिसके बाद चरित्र को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि पति द्वारा बार-बार चरित्र पर संदेह किए जाने से नाराज मानकुंवर ने गुस्से में आकर ईंट-पत्थर और लकड़ी के फाड़ी से नेतराम के सिर, चेहरे, कंधे और पीठ पर कई वार किए। गंभीर चोटों के कारण वह घर के आंगन में ही गिर पड़ा।
अगली सुबह परिजनों को घटना की जानकारी मिली। घायल नेतराम को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण, गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी पत्नी मानकुंवर को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त ईंट-पत्थर, लकड़ी का फाड़ी तथा घटना के समय पहने गए कपड़े भी जब्त कर लिए गए हैं।
बतौली थाना पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस का कहना है कि जिले में गंभीर अपराधों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी है

