सरगुजा जिले की पुलिस ने सीतापुर और कोतवाली थाना क्षेत्रों में हुई लूट की घटनाओं में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा दो खरीददार आरोपियों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई जारी है। इस अभियान में थाना सीतापुर, थाना बतौली, साइबर सेल और स्पेशल टीम की संयुक्त कार्रवाई रही।
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान शिवा उर्फ डेविड एक्का, लखन उरांव और रूपेंद्र श्रीवास के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक देसी पिस्टल, एक कट्टा, एक मैगजीन, तीन जिंदा कारतूस, लूटी गई स्कूटी, एक ऑल्टो कार, दोपहिया वाहन, लूटा गया मोबाइल, घटना में प्रयुक्त मोबाइल, 71.66 ग्राम गला हुआ सोना, 195 ग्राम गली हुई चांदी, 2500 रुपये नकद, एक मंगलसूत्र और दो पायल समेत कुल 15 लाख रुपये का माल बरामद किया है।

मुख्य आरोपी शिवा उर्फ डेविड एक्का पहले भी कई लूट और चोरी के मामलों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ सीतापुर, पत्थलगांव और बगीचा थानों में कई केस दर्ज हैं। वहीं, आरोपी लखन उरांव जशपुर जिले के दोहरे हत्याकांड में भी शामिल था और पैसे लेकर कॉन्ट्रैक्ट किलिंग करने के आरोप में जेल जा चुका है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों से गहन पूछताछ की, जिससे लूट की घटनाओं का खुलासा हुआ। आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे मिलकर वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस के अनुसार, मामले में अभी भी कुछ आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

सरगुजा पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस टीम ने घटनास्थलों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और साइबर सेल की मदद से आरोपियों को ट्रैक किया। इस सख्त कार्रवाई से अपराधियों में दहशत का माहौल है, जबकि स्थानीय जनता ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है।

