सरगुजा। भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो, अंबिकापुर द्वारा पोषण माह के अंतर्गत ग्राम सलका पटराटोली में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीण महिलाओं, बच्चों और आमजन को संतुलित आहार, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा कुपोषण से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के दौरान सेक्टर सुपरवाइजर दसपतिया मार्को ने पोषण माह के महत्व की जानकारी देते हुए बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए संतुलित और पौष्टिक आहार को जरूरी बताया। उन्होंने गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के पोषण, बच्चों के स्वास्थ्य और स्वच्छता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की।

ग्रामीणों को हरी सब्जियां, दाल, अनाज, फल एवं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों को दैनिक भोजन में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही बच्चों के नियमित टीकाकरण, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व की जानकारी दी गई।
इस दौरान समर्पण लोक कला मंच के कलाकारों ने लोकगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से पोषण एवं स्वास्थ्य का संदेश दिया। मनोरंजक प्रस्तुतियों के जरिए संतुलित आहार, बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं के उचित पोषण और स्वच्छता के प्रति ग्रामीणों को जागरूक किया गया।
केंद्रीय संचार ब्यूरो, अंबिकापुर के ब्यूरो प्रभारी हिमांशु सोनी ने बताया कि पोषण माह के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से लोगों को कुपोषण से बचाव और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया जा रहा है। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, महिलाएं, बच्चे और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।

