अंबिकापुर। सरगुजा और उत्तर छत्तीसगढ़ के लोगों के लिए बहुप्रतीक्षित अंबिकापुर–गढ़वा रोड रेल परियोजना को लेकर बड़ी खुशखबरी सामने आई है। भारत सरकार के रेल मंत्रालय ने इस परियोजना को आधिकारिक रूप से राष्ट्रीय अवसंरचना विकास हेतु विशेष परियोजना (Special Project) घोषित कर दिया है। इस संबंध में 25 मई 2026 को जारी अधिसूचना भारत के राजपत्र (The Gazette of India) में प्रकाशित की गई है।
राजपत्र में प्रकाशित अधिसूचना के अनुसार अंबिकापुर–गढ़वा रोड के बीच रामानुजगंज होते हुए बरवाडीह तक 261.838 किलोमीटर लंबी सिंगल रेल लाइन परियोजना को छत्तीसगढ़ और झारखंड राज्यों में सार्वजनिक उद्देश्य एवं राष्ट्रीय आधारभूत संरचना के विकास के लिए विशेष परियोजना का दर्जा दिया गया है। यह निर्णय रेलवे अधिनियम, 1989 की धारा 2 के खंड 37A के तहत लिया गया है।

रेल मंत्रालय की इस अधिसूचना के बाद परियोजना के भूमि अधिग्रहण, प्रशासनिक प्रक्रियाओं और निर्माण कार्यों को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। लंबे समय से इस रेल लाइन की मांग क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, व्यापारिक संगठनों और आम नागरिकों द्वारा की जा रही थी। परियोजना के पूर्ण होने पर सरगुजा संभाग का सीधा रेल संपर्क झारखंड और देश के अन्य हिस्सों से और अधिक मजबूत होगा।
इस रेल मार्ग के निर्माण से क्षेत्र में औद्योगिक विकास, व्यापार, रोजगार और पर्यटन को नया आयाम मिलेगा। साथ ही सरगुजा, बलरामपुर और आसपास के जिलों के लोगों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध होगी। रेल मंत्रालय की अधिसूचना को क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इस परियोजना को विशेष दर्जा मिलने के बाद अब स्थानीय लोगों की निगाहें इसके निर्माण कार्य की आगामी प्रक्रिया और समयबद्ध क्रियान्वयन पर टिकी हुई हैं। उत्तर छत्तीसगढ़ के लिए यह रेल परियोजना भविष्य में आर्थिक और सामाजिक विकास का नया अध्याय लिख सकती है।

