सरगुजा: जिले के लखनपुर शिक्षा विभाग एक बार फिर से चर्चा में बना हुआ है। लखनपुर विकासखंड के गुमगरा खुर्द बरती पारा के प्राथमिक शाला में पदस्थ शिक्षक शैलेंद्र सिंह पोर्ते का शराब के नशे में स्कूल पहुंचने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने शिक्षक को रंगे हाथों पकड़ा और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
नशे में धुत शिक्षक पर ग्रामीणों का आक्रोश
सोमवार, 24 फरवरी को शिक्षक शैलेंद्र सिंह पोर्ते शराब के नशे में स्कूल पहुंचे। जब ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिली, तो वे स्कूल पहुंचे और शिक्षक से सवाल-जवाब करने लगे। इस दौरान शिक्षक ग्रामीणों से बहस करने लगे, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया। ग्रामीणों ने तुरंत संकुल समन्वयक विनोद गुप्ता को इसकी सूचना दी।
जांच में शिक्षक नशे में पाए गए
सूचना पर पहुंचे संकुल समन्वयक विनोद गुप्ता ने जांच की, जिसमें शिक्षक पूरी तरह नशे में पाए गए। ग्रामीणों और स्कूली बच्चों से पूछताछ के बाद जांच प्रतिवेदन तैयार कर खंड शिक्षा अधिकारी को सौंपा गया।
पहले भी मिल चुके हैं नोटिस, नहीं हुआ सुधार
संकुल समन्वयक विनोद गुप्ता ने बताया कि शिक्षक शैलेंद्र सिंह पोर्ते पहले भी कई बार शराब पीकर स्कूल आने के मामलों में दोषी पाए जा चुके हैं। इसके बावजूद उनका आचरण नहीं बदला। उनके खिलाफ पहले भी स्पष्टीकरण नोटिस जारी कर अवैतनिक कार्रवाई की जा चुकी है। हाल ही में वे नशा मुक्ति केंद्र से लौटे थे, लेकिन फिर से वही हरकतें दोहराने लगे।
ग्रामीणों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षक का लगातार इस तरह का आचरण बच्चों के भविष्य के लिए घातक है। वे शिक्षक की बर्खास्तगी की मांग कर रहे हैं। अब देखना होगा कि शिक्षा विभाग इस मामले में क्या ठोस कार्रवाई करता है या फिर केवल खानापूर्ति कर मामले को दबा दिया जाएगा।

