अंबिकापुर। सरगुजा जिले में पुलिस विभाग ने प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुचारु बनाने के उद्देश्य से बड़ा फेरबदल किया है। पुलिस अधीक्षक, सरगुजा द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले के विभिन्न थाना, चौकी, यातायात शाखा, महिला थाना एवं रिजर्व सेंटर में पदस्थ 25 अधिकारियों एवं कर्मचारियों का स्थानांतरण किया गया है।

जारी आदेश के तहत कई पुलिसकर्मियों को उनके वर्तमान पदस्थापना स्थल से हटाकर नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। स्थानांतरण सूची में थाना अंबिकापुर, गांधीनगर, मणिपुर, बतौली, लखनपुर, उदयपुर, दरिमा, सीतापुर, कमलेश्वरपुर सहित यातायात शाखा और महिला थाना के कर्मचारी शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि यह तबादले प्रशासनिक दृष्टिकोण से तत्काल प्रभाव से लागू किए गए हैं। संबंधित थाना प्रभारियों एवं शाखा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे कर्मचारियों को शीघ्र कार्यमुक्त कर नई पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण कराना सुनिश्चित करें।
इस प्रशासनिक फेरबदल का उद्देश्य जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करना, पुलिस कार्यप्रणाली में दक्षता बढ़ाना तथा विभिन्न थानों एवं शाखाओं में आवश्यकता के अनुसार मानव संसाधन का संतुलित उपयोग सुनिश्चित करना है।

