सीतापुर। सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र में 20 हजार रुपये चोरी करने की शंका में एक महिला की डंडे से गंभीर मारपीट कर हत्या करने का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी संजय चौहान उम्र 36 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा और घटना के दौरान पहना गया लोवर भी जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त 2026 की सुबह करीब 10:30 बजे मानकी उर्फ संतोषी के साथ आरोपी संजय चौहान ने 20 हजार रुपये चोरी करने की शंका को लेकर डंडे से मारपीट की। गंभीर चोट लगने के बाद महिला बेहोश हो गई। परिजन उसे इलाज के लिए सीतापुर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर सीतापुर पुलिस ने मामले में मर्ग एवं अपराध क्रमांक 327/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने पुलिस टीम को आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
विवेचना के दौरान पुलिस ने मृतिका के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर आरोपी संजय चौहान पिता स्व. फुलसाय चौहान, उम्र 36 वर्ष, निवासी ग्राम ठाकुरदिया, थाना मदनपुर, जिला रायगढ़ और वर्तमान निवासी सीतापुर खालबगीचा को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया लकड़ी का डंडा और घटना के समय पहना गया लोवर जब्त कर लिया। पर्याप्त अपराध साक्ष्य पाए जाने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है।

