बतौली, सरगुजा। शादी का झांसा देकर महिला से शारीरिक संबंध बनाने के मामले में बतौली पुलिस ने झारखंड से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पंकज कुमार सिंह (39) पिता राजेश राम, निवासी ग्राम भड़गावा, थाना चैनपुर भड़गावा, जिला पलामू, झारखंड के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 115/2026 के तहत धारा 69 बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की थी।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने 7 सितंबर 2026 को थाना बतौली में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि उसके पति की वर्ष 2025 में मृत्यु हो चुकी है और वह अपने तीन बच्चों तथा सास के साथ ससुराल में रहती है। इसी दौरान टिरंग स्थित क्रेशर प्लांट में माइनिंग ऑपरेटर के रूप में काम करने वाले पंकज कुमार सिंह का महिला से परिचय हुआ।
बताया गया कि आरोपी का महिला के घर के सामने स्थित किराना दुकान पर आना-जाना था। इसी दौरान दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ गईं। आरोप है कि पंकज कुमार सिंह ने महिला को शादी करने और उसे पत्नी बनाकर रखने का भरोसा दिलाया।
पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई 2026 को आरोपी महिला के घर पहुंचा और शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद दोनों पति-पत्नी की तरह रहने लगे। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने महिला से कई बार शारीरिक संबंध बनाए। बाद में महिला को जानकारी हुई कि आरोपी पहले से ही शादीशुदा है। इसके बाद आरोपी ने महिला से शादी करने से इनकार कर दिया।
महिला की शिकायत पर बतौली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पीड़िता का धारा 180 बीएनएसएस के तहत बयान दर्ज किया गया। उसकी सहमति से चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया और आवश्यक जैविक नमूनों को सुरक्षित कर विधिवत जब्त किया गया। वहीं आरोपी का भी चिकित्सकीय एवं लैंगिक परीक्षण कराया गया।
पुलिस ने आरोपी की तलाश करते हुए उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पीड़िता और गवाहों के बयान के साथ ही चिकित्सकीय रिपोर्टों के आधार पर आरोपी के खिलाफ अपराध घटित करना प्रमाणित पाए जाने पर उसे 8 सितंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी की सूचना आरोपी के परिजनों को भी दी गई और इसकी पावती प्राप्त की गई।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया और उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पुलिस ने मामले में आगे की विवेचना के लिए आरोपी की न्यायिक रिमांड की मांग की, जिसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया

