अंबिकापुर से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। तेज रफ्तार ट्रक चालक ने एक बाइक सवार को कुचल दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
यह घटना मणिपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे 130 पर स्थित एक पेट्रोल पंप के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक की गति बहुत अधिक थी और अचानक बाइक सवार को टक्कर मारते हुए उसे कुचल दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से ट्रक लेकर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। शव को मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय भेजने की तैयारी की जा रही है। पुलिस आरोपी ट्रक चालक की तलाश में जुट गई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है ताकि ट्रक और उसके चालक की पहचान हो सके।
इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। वे प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों की निगरानी बढ़ाई जाए और दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

