अंबिकापुर। शहर के रसूलपुर मोहल्ले में दिनदहाड़े हुई चाकूबाजी की घटना में गंभीर रूप से घायल 70 वर्षीय वृद्ध बशीरुद्दीन उर्फ लज्जु की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि चाकू का वार उनकी किडनी में लगने के कारण उनकी हालत गंभीर हो गई थी, जिसके बाद उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों में से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा मामले में फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के झारखंड के पाकी नामक स्थान से सुपारी लेकर अंबिकापुर पहुंचने की जानकारी सामने आई है। इसके बाद उन्होंने रसूलपुर मोहल्ले में बशीरुद्दीन उर्फ लज्जु पर चाकू से हमला किया। घटना के पीछे की पूरी वजह और सुपारी देने वाले व्यक्ति से जुड़े पहलुओं की भी पुलिस जांच कर रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ने पूरे संभाग में नाकाबंदी करने और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य लोगों और पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

