अंबिकापुर/लुण्ड्रा। लुण्ड्रा विकासखंड के ग्राम देवरी के 11 पहाड़ी कोरवा बच्चों को बलरामपुर जिले से वापस लाकर उनके घर पहुंचाया गया है। घर वापसी के बाद सभी बच्चों का स्कूल में दाखिला कराया गया, जिसके बाद अब वे नियमित रूप से विद्यालय पहुंचकर पढ़ाई कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, ग्राम देवरी के ये 11 बच्चे बलरामपुर जिले में काम कर रहे थे। बच्चों के बलरामपुर में होने की जानकारी मिलने के बाद उन्हें वापस लाने की पहल की गई। संबंधित विभागों के प्रयास से सभी बच्चों की सुरक्षित घर वापसी सुनिश्चित की गई और उन्हें उनके परिवारों तक पहुंचाया गया।
इसके बाद विकासखंड शिक्षा अधिकारी, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी, बीआरसी और सीएसी के सहयोग से बच्चों का विद्यालय में प्रवेश कराया गया। विभागीय अधिकारियों और शिक्षा विभाग से जुड़े कर्मचारियों के प्रयासों के बाद अब सभी 11 बच्चे नियमित रूप से स्कूल पहुंचकर अपनी पढ़ाई कर रहे हैं।
बच्चों को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने की इस पहल से उनके अभिभावकों और ग्रामीणों में भी खुशी है। विभाग की ओर से बच्चों की पढ़ाई नियमित रूप से जारी रखने और उन्हें शिक्षा से वंचित न होने देने पर जोर दिया जा रहा है। बच्चों की स्कूल वापसी को शिक्षा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

