अंबिकापुर, छत्तीसगढ़। सोशल मीडिया की एक पोस्ट से एक युवक की जान बच गई। सरगुजा पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए फांसी लगाने जा रहे युवक को समय रहते खोज निकाला और उसकी जान बचा ली। घटना अंबिकापुर कोतवाली क्षेत्र की है, जहां एक युवक उधार दी गई रकम वापस न मिलने के तनाव में था।
जानकारी के अनुसार, युवक ने अपने एक दोस्त को दो लाख रुपये उधार दिए थे। काफी समय बीत जाने के बाद भी पैसे वापस नहीं मिले, जिससे युवक मानसिक रूप से परेशान रहने लगा। शनिवार को उसने इंस्टाग्राम पर लाइव आकर फांसी लगाने की कोशिश की। उसकी यह पोस्ट साइबर सेल इंदौर तक पहुंची, जहां से तत्काल सरगुजा पुलिस को अलर्ट भेजा गया।
अलर्ट मिलते ही नगर सीएसपी रोहित शाह ने सोशल मीडिया में दी गई जानकारी के आधार पर युवक की पहचान की और तत्काल पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया गया। युवक को समय रहते खोज कर फांसी लगाने से रोक लिया गया।
पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते एक बड़ी अनहोनी टल गई। फिलहाल युवक को काउंसलिंग के लिए परामर्श केंद्र भेजा गया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी मानसिक परेशानी की स्थिति में अकेले न रहें, और समय रहते मदद लें।

