अंबिकापुर, छत्तीसगढ़ । सरगुजा जिले में महिला हत्या मामले में पुलिस ने जांच तेज करते हुए अहम प्रगति की है। 3 अप्रैल को थाना कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि सद्भावना चौक रिंग रोड स्थित टीटीएस फ्रेश फिश कंपनी के पास एक महिला का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और मौके पर पहुंचकर पूरे घटनास्थल का निरीक्षण किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में कोतवाली थाना, साइबर सेल सहित कुल 4 विशेष टीमों का गठन किया। इन टीमों को मृतका की पहचान और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए।
जांच के दौरान पुलिस ने मृतका की पहचान कर ली, जिसकी पुष्टि परिजनों ने भी की है। इसके बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें मृतका एक संदिग्ध व्यक्ति के साथ जाती हुई नजर आई।
पुलिस जांच में संदिग्ध की पहचान पांडा उर्फ मिथुन के रूप में हुई है, जो घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है। परिजनों ने भी इस व्यक्ति की पहचान की है और बताया कि वह मृतका के संपर्क में रहता था। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि घटना के बाद संदिग्ध एक अन्य घुमंतू महिला से तंबाकू मांगते हुए देखा गया था।
फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है। सरगुजा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी के पास आरोपी से संबंधित कोई भी महत्वपूर्ण जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
संपर्क नंबर:
थाना कोतवाली: 9479193508
कंट्रोल रूम अंबिकापुर: 9479193599

