अंबिकापुर। सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग के साथ बेरहमी से मारपीट किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ युवकों ने नाबालिग को झांसा देकर पहले एक सुनसान स्थान पर बुलाया और वहां उसके साथ मारपीट की। इस दौरान आरोपियों द्वारा घटना का वीडियो बनाए जाने की बात भी सामने आई है।

पीड़ित नाबालिग की शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने उसे नग्न कर बेरहमी से पीटा। मारपीट के दौरान आरोपियों ने पीड़ित को गंभीर रूप से धमकाते हुए नपुंसक बनाने के लिए लिंग काटने की धमकी भी दी। घटना के बाद पीड़ित ने मामले की जानकारी पुलिस को दी और आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

नाबालिग की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सीतापुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल बताए जा रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर घटना के पूरे घटनाक्रम और मारपीट के पीछे के कारणों की जानकारी जुटा रही है।
वहीं, घटना का वीडियो बनाए जाने की बात सामने आने के बाद पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है। पुलिस द्वारा मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

