अंबिकापुर,छत्तीसगढ़।
सोमवार सुबह जिला अस्पताल के प्रशासनिक कार्यालय में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग कार्यालय में लगे एयर कंडीशनर में हुए शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। घटना के वक्त कार्यालय में स्टाफ मौजूद था, जिन्होंने तत्काल फायर एग्जीक्यूटर की मदद से आग पर काबू पाया।
आग लगते ही कमरे में धुएं का गुबार भर गया, जिससे आसपास का वातावरण तनावपूर्ण हो गया। हालांकि, आग की लपटें अधिक नहीं फैलीं और समय रहते उसे नियंत्रित कर लिया गया। कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों ने स्थिति को समझते हुए बिना देरी किए अग्निशमन यंत्रों का उपयोग किया, जिससे कोई बड़ी क्षति नहीं हुई।
गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। हालांकि, कार्यालय की कुछ फाइलें और उपकरण आंशिक रूप से प्रभावित हुए हैं। अस्पताल प्रशासन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जा रही है और पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
फिलहाल अस्पताल का कार्य सामान्य रूप से जारी है। स्थानीय लोगों ने भी स्टाफ की तत्परता और साहस की सराहना की है।

