अंबिकापुर। सरगुजा जिले में CBSE से संबद्ध निजी स्कूलों में NCERT की पुस्तकों के स्थान पर निजी प्रकाशकों की किताबें संचालित किए जाने के मामले में शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) दिनेश कुमार झा ने कई निजी स्कूलों को नोटिस जारी कर स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि विद्यार्थियों के लिए केवल NCERT की पुस्तकें ही लागू की जाएं।
जानकारी के अनुसार, जिला शिक्षा अधिकारी ने करीब चार माह पहले कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल, होली क्रॉस सीनियर सेकेंडरी स्कूल, ओरिएंटल पब्लिक स्कूल (OPS), न्यू डीपीएस सरगवां, मोंटफोर्ट स्कूल, बिरला ओपन माइंड इंटरनेशनल स्कूल सहित अन्य CBSE मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों को नोटिस जारी किया था। नोटिस में NCERT के स्थान पर निजी प्रकाशकों की पुस्तकें संचालित करने पर आपत्ति जताते हुए आवश्यक निर्देशों का पालन करने को कहा गया था।

नोटिस जारी होने के बाद कई निजी स्कूलों ने अपनी सफाई में अभिभावकों की सहमति का हवाला दिया। वहीं, अभिभावक संघ ने इस मामले की शिकायत जिला शिक्षा अधिकारी से करते हुए निजी स्कूलों पर नियमों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
DEO दिनेश कुमार झा ने स्पष्ट कहा है कि CBSE से संबद्ध निजी स्कूलों को NCERT की किताबें ही संचालित करनी होंगी। उन्होंने संकेत दिए कि निर्देशों की अवहेलना करने वाले स्कूलों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
बताया जा रहा है कि विभागीय निर्देशों के बावजूद कुछ निजी स्कूल अब भी निजी प्रकाशकों की पुस्तकों को बढ़ावा दे रहे हैं। ऐसे में शिक्षा विभाग अब इस पूरे मामले की निगरानी कर रहा है और नियमों का पालन सुनिश्चित कराने की तैयारी में है।

