सरगुजा : जिले के सीतापुर नगर पंचायत में आज नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रेमदान कुजूर सहित 15 वार्डों के पार्षदों ने शपथ ग्रहण किया। इसी दौरान नगर पंचायत उपाध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में बड़ा उलटफेर देखने को मिला।
बीजेपी से दो उम्मीदवारों ने दावेदारी पेश की थी, लेकिन मुकाबला विधायक रामकुमार टोप्पो के करीबी भवानी सिंह और विवेक कुमार (विक्की) नामदेव के बीच सिमट गया। कड़े मुकाबले में महज दो वोटों के अंतर से भवानी सिंह को हार का सामना करना पड़ा, और विवेक कुमार नामदेव उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए। जीत के बाद विक्की नामदेव ने कांग्रेस नेता व पूर्व मंत्री अमरजीत भगत से आशीर्वाद लिया। इस चुनाव परिणाम को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
कैसे हुआ चुनाव?
सीतापुर नगर पंचायत के 15 वार्डों के पार्षदों ने मतदान किया।
- भवानी सिंह को कुल 7 वोट मिले
- विक्की नामदेव को 9 वोट मिले
मतगणना के बाद पीठासीन अधिकारी ने विवेक कुमार नामदेव को उपाध्यक्ष घोषित कर प्रमाण पत्र सौंपा।
विधायक टोप्पो के लिए बड़ा राजनीतिक झटका?
इस हार को विधायक रामकुमार टोप्पो के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है, क्योंकि उनके खास माने जाने वाले भवानी सिंह को हार का सामना करना पड़ा। इस परिणाम ने बीजेपी के अंदरूनी गुटबाजी को भी उजागर कर दिया है।

