अंबिकापुर। विश्वविद्यालय इंजीनियरिंग कॉलेज अंबिकापुर की शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राम नारायण खरे ने गाँधीनगर थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर इस घटना की जानकारी दी है।
डॉ. खरे के अनुसार, 19 फरवरी 2025 को सुबह 11 बजे रिंकु मंडल, दिवाकर पटेल, सुजीत मंडल, सुख मंडल, सुख मंडल की पत्नी, सुख विश्वास, देवाशीष मंडल, रंजन घरामी, राजा घरामी एवं सनातन घरामी सहित अन्य लोग कॉलेज की शासकीय भूमि पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे। जब उन्होंने इस पर आपत्ति जताई तो आरोपियों ने उन्हें और उनकी माँ-बहन को अपशब्द कहे और जान से मारने की धमकी दी।
घटना के समय कॉलेज के अन्य प्राध्यापक एवं कर्मचारी भी मौजूद थे, जिन्होंने बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया। डॉ. खरे ने बताया कि कॉलेज को ग्राम डिगमा में 41.603 एकड़ शासकीय भूमि आवंटित की गई है, जिसकी देखरेख संस्थान की निगरानी समिति करती है।
इस घटना के बाद प्राचार्य ने विभाग से पत्राचार कर अनुमति प्राप्त करने के बाद 23 फरवरी 2025 को थाना गाँधीनगर में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने प्रशासन से अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है।

