रायपुर: छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल, रायपुर द्वारा संचालित हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षा 2025 की तिथियां घोषित कर दी गई हैं। हायर सेकेंडरी परीक्षा 1 मार्च 2025 से 28 मार्च 2025 तक और हाईस्कूल परीक्षा 3 मार्च 2025 से 24 मार्च 2025 तक आयोजित की जाएगी। सभी परीक्षाएं सुबह 9:00 बजे से 12:15 बजे तक निर्धारित 75 परीक्षा केंद्रों में संपन्न होंगी।
कुल परीक्षार्थियों की संख्या
- हाईस्कूल: 9,415 परीक्षार्थी
- हायर सेकेंडरी: 8,044 परीक्षार्थी
परीक्षा गोपनीय सामग्री का वितरण 25 फरवरी से
परीक्षा से पहले गोपनीय सामग्री का वितरण 25 फरवरी 2025 को सुबह 10:00 बजे से समन्वय संस्था शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अंबिकापुर में किया जाएगा। परीक्षा केंद्रों के 75 केंद्राध्यक्ष/प्राचार्य को यह सामग्री वितरित की जाएगी।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
- परीक्षा गोपनीय सामग्री को प्राप्त करने के लिए प्रत्येक केंद्राध्यक्ष को दो कुंदों वाली दो पेटियां लाना अनिवार्य होगा।
- हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी की सामग्री अलग-अलग पेटियों में रखी जाएगी।
- परीक्षा सामग्री को सशस्त्र बल की सुरक्षा में निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार परिवहन किया जाएगा।
- केंद्र के निकटतम थाना/चौकी में पेटियां सुरक्षित रखी जाएंगी।
छत्तीसगढ़ बोर्ड परीक्षा को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता किया है, जिससे परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न हो।

