अम्बिकापुर। अंबिकापुर नगर निगम चुनाव के तहत 48 वार्डों में 1,21,000 से अधिक मतदाता आज अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। मतदान सुबह 8 बजे से 143 पोलिंग बूथों में जारी है।
प्रमुख प्रत्याशियों ने किया मतदान
भाजपा की महापौर प्रत्याशी मंजूषा भगत और कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी डॉ. अजय तिर्की ने अपना मतदान कर दिया है। दोनों ही प्रत्याशियों ने अपनी जीत के दावे किए हैं और जनता से समर्थन मांगा है।
पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंह देव ने भाजपा पर साधा निशाना
पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंह देव ने भी मतदान किया और इस दौरान मीडिया से बातचीत में भाजपा पर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सड़कों की स्थिति को लेकर दुष्प्रचार किया, जबकि जो सड़कें खराब थीं, वे राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) की थीं। सिंह देव ने दावा किया कि पिछले 10 वर्षों में अंबिकापुर नगर निगम में अच्छा विकास कार्य हुआ है।
वरिष्ठ नेताओं ने डाला जोर
अंबिकापुर नगर निगम सीट जीतने के लिए छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ नेताओं ने पूरी ताकत झोंक दी है। दोनों प्रमुख दलों— भाजपा और कांग्रेस— ने मतदाताओं को रिझाने के लिए पूरी रणनीति बनाई थी।
अब देखना होगा कि मतदाता किसके पक्ष में फैसला सुनाते हैं। चुनाव के नतीजे आने के बाद ही यह तय होगा कि अंबिकापुर का अगला महापौर कौन होगा।

