लखनपुर, छत्तीसगढ़। लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम लटोरी में एक युवक ने पारिवारिक कलह से आहत होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना 17 जून मंगलवार की शाम की है, जब 36 वर्षीय आजू राजवाड़े ने अपने घर के मयार में फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
जानकारी के अनुसार, आजू की पत्नी तीन दिन पहले अपने पिता के साथ बच्चों को लेकर मायके चली गई थी। तभी से वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था।
18 जून को पुलिस को सूचना उसके पिता गौतम राम राजवाड़े (67 वर्ष) द्वारा दी गई, जो घटना के समय एक सामाजिक कार्यक्रम में गणेशपुर गए हुए थे। सूचना मिलने के बाद लखनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया। बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक तनाव को आत्महत्या का कारण माना जा रहा है। मृतक का बड़ा भाई इस घटना का प्रत्यक्ष गवाह है, जिसने पहले अपने पिता को और फिर पुलिस को सूचना दी।

