अंबिकापुर, छत्तीसगढ़: जिले में बीते कुछ दिनों से जीएसटी (GST) विभाग द्वारा लगातार की जा रही छापेमारी और कार्रवाई से आक्रोशित होकर अंबिकापुर के व्यवसायी अब खुलकर विरोध पर उतर आए हैं। इसी के तहत आज शहर में नगर बंद का आह्वान किया गया है।
व्यवसायियों ने आरोप लगाया है कि जीएसटी अधिकारियों की कार्रवाईयों में भय और दबाव का माहौल बनाया जा रहा है, जिससे छोटे और मध्यम स्तर के व्यापारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विरोध के स्वरूप में व्यापारियों ने पोस्टर जारी कर अपनी नाराज़गी जताई है, जिसमें साफ तौर पर लिखा गया है – “हम व्यापारी हैं, चोर नहीं”।
बीती रात शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों में व्यापारियों ने रैली निकालकर प्रशासन और जीएसटी विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कार्रवाई को अनुचित बताया। इस आंदोलन को अब राजनीतिक समर्थन भी मिलने लगा है। कांग्रेस पार्टी ने व्यवसायियों के नगर बंद आह्वान को समर्थन देने की घोषणा की है।
आज के नगर बंद के चलते शहर के लगभग सभी प्रमुख व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। दुकानों के शटर बंद हैं और बाजारों में सन्नाटा पसरा हुआ है। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि यह बंद पूरी तरह से स्वैच्छिक है और इसका उद्देश्य केवल अपनी आवाज़ प्रशासन तक पहुंचाना है।

