अंबिकापुर। सरगुजा के क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। सरगुजा क्रिकेट संघ से लंबे समय से जुड़े विकेटकीपर-बल्लेबाज राहुल प्रधान का चयन छत्तीसगढ़ रणजी टीम में हुआ है। स्थानीय स्तर पर लगातार शानदार प्रदर्शन करने वाले राहुल को उनके प्रदर्शन का इनाम मिला है और अब वह बीसीसीआई की प्रतिष्ठित रणजी ट्रॉफी में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करते नजर आएंगे।
राहुल प्रधान लंबे समय से सरगुजा क्रिकेट से जुड़े हुए हैं और विभिन्न स्थानीय एवं प्रतिस्पर्धी मुकाबलों में अपने बल्ले से प्रभावी प्रदर्शन करते रहे हैं। विकेटकीपिंग के साथ बल्लेबाजी में भी उन्होंने लगातार अपनी प्रतिभा साबित की है। इसी प्रदर्शन के आधार पर उन्हें रणजी टीम में जगह मिली है।
इससे पहले सरगुजा के प्रतिभावान बल्लेबाज आशुतोष सिंह भी रणजी टीम में अपनी जगह बना चुके हैं। अब राहुल प्रधान के चयन के साथ सरगुजा से दो खिलाड़ियों का रणजी स्तर तक पहुंचना क्षेत्र के क्रिकेट के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
राहुल के चयन से स्थानीय क्रिकेट खिलाड़ियों और युवा प्रतिभाओं में भी उत्साह है। उनका रणजी टीम तक पहुंचना सरगुजा के उन खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है, जो बेहतर मंच और अवसर की तलाश में लगातार मेहनत कर रहे हैं।

