अंबिकापुर। दरिमा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सनबरसा के 55 वर्षीय ग्रामीण बंधु राम की घुनघुट्टा डेम स्थित मछली नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, बंधु राम खेती का काम करने के लिए घुनघुट्टा डेम की मछली नदी के उस पार गए हुए थे। काम पूरा करने के बाद वह वापस अपने गांव लौट रहे थे। इस दौरान उन्होंने नदी को तैरकर पार करने का प्रयास किया, लेकिन बीच धारा में गहरे पानी में चले जाने से डूब गए।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उनकी तलाश शुरू की। कई घंटे तक सीचले खोजबीन अभियान के बाद ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत करते हुए बंधु राम का शव नदी से बाहर निकाला।
घटना की सूचना परिजनों ने दरिमा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है तथा ग्रामीणों ने नदी पार करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

