अंबिकापुर। नगर निगम क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती को लेकर महापौर मंजूषा भगत ने बिजली विभाग के अधिकारियों के खिलाफ सख्त नाराजगी जताई है। शहरवासियों से लगातार मिल रही शिकायतों के बाद महापौर ने पार्षदों, बिजली कंपनी के अधिकारियों और संबंधित ठेकेदारों की बैठक बुलाई, जिसमें उन्होंने बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
बैठक के दौरान महापौर ने अधिकारियों से कहा कि बार-बार की बिजली कटौती से आम नागरिकों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। इसके साथ ही शहर की पेयजल व्यवस्था पर भी इसका सीधा असर पड़ रहा है, जिससे लोगों को दोहरी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेने के बजाय विभाग लापरवाही बरत रहा है।
महापौर मंजूषा भगत ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं किया गया तो मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर संबंधित अधिकारियों को हटाने की मांग की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए तत्काल प्रभाव से आवश्यक कदम उठाए जाएं और अघोषित बिजली कटौती पर रोक लगाई जाए।
बैठक में मौजूद पार्षदों ने भी अपने-अपने वार्डों की समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं और नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। महापौर ने कहा कि नगर निगम जनता की समस्याओं को लेकर गंभीर है और बिजली व्यवस्था में सुधार होने तक इस मुद्दे की लगातार निगरानी की जाएगी।
अब शहरवासियों की नजर बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर टिकी है। देखना होगा कि महापौर की सख्ती और चेतावनी के बाद अंबिकापुर की बिजली व्यवस्था में कितना सुधार देखने को मिलता है।

