अम्बिकापुर/बलरामपुर। बलरामपुर जिले के पिपरसोत तुर्रापारा गांव से बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां जहरीले सांप के डंसने से दो सगे मासूम भाइयों की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है, जबकि एक ही परिवार के दो बच्चों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, 9 वर्षीय विकास और ढाई वर्षीय विक्रांत अपने तीसरे भाई के साथ रात में खाना खाने के बाद घर के भीतर खटिया पर सो रहे थे। देर रात जहरीले सांप ने दोनों भाइयों को डंस लिया। कुछ ही देर बाद दोनों बच्चों के रोने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे। बच्चों की हालत बिगड़ती देख उन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल, अम्बिकापुर रेफर कर दिया गया।
मेडिकल कॉलेज अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने दोनों बच्चों को बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान पहले एक और फिर दूसरे मासूम ने भी दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद परिजनों ने सांप को लोहे की कढ़ाई से ढककर घर के भीतर ही पकड़कर रखा, ताकि उसकी पहचान की जा सके। वहीं, घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग भी मामले की जानकारी जुटाने में लगे हैं।
मृतक विकास कक्षा चौथी का छात्र था, जबकि ढाई वर्षीय विक्रांत आंगनबाड़ी में दर्ज था। दोनों मासूम भाइयों की असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है और ग्रामीण शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाने उनके घर पहुंच रहे हैं।

