सूरजपुर। जिले के अंतर्गत आने वाले डीएवी पब्लिक स्कूल, विश्रामपुर की छात्रा मान्यता जायसवाल ने सीबीएसई कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा (सत्र 2025-26) में शानदार सफलता का परचम लहराया है। उन्होंने परीक्षा में 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर न केवल अपने विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया, बल्कि पूरे सूरजपुर जिले का नाम भी रोशन किया है। मान्यता की इस असाधारण उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
बेटी के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन पर अत्यंत प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके पिता मुकेश कुमार जायसवाल और माता नम्रता जायसवाल ने कहा कि यह सफलता मान्यता की कड़ी मेहनत, अटूट लगन और शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन का प्रतिफल है। वहीं, डीएवी पब्लिक स्कूल प्रबंधन और शिक्षक गणों ने मान्यता को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
शिक्षकों का मानना है कि मान्यता की यह शानदार सफलता विद्यालय के अन्य छात्र-छात्राओं के लिए भी एक मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत का कार्य करेगी। इस गौरवमयी उपलब्धि पर मान्यता के परिवारजनों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों का बधाई देने के लिए तांता लगा हुआ है, और सभी ने उन्हें जीवन में आगे और ऊंचाइयों को छूने के लिए हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

