लखनऊ। देश के पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणामों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और उनकी लोककल्याणकारी नीतियों पर जनता का भरोसा अडिग है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इन नतीजों को ‘नए भारत’ के संकल्प की जीत बताते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं और जनता का अभिनंदन किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल से लेकर पुडुचेरी तक भाजपा और एनडीए गठबंधन को मिला यह अभूतपूर्व जनादेश प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत’ के विराट विजन को नई गति प्रदान करेगा।
योगी आदित्यनाथ ने इस ऐतिहासिक सफलता का श्रेय पार्टी के उन कर्मठ पदाधिकारियों और जमीनी कार्यकर्ताओं को दिया है, जिन्होंने दिन-रात मेहनत कर सुशासन के संदेश को जन-जन तक पहुँचाया। उन्होंने विशेष रूप से पश्चिम बंगाल में पहली बार, असम में लगातार तीसरी बार और पुडुचेरी में दूसरी बार मिली जीत को राष्ट्रवाद और विकास की नीतियों की जीत करार दिया। मुख्यमंत्री के अनुसार, जनता ने विभाजनकारी राजनीति को नकार कर प्रधानमंत्री मोदी के अटूट विश्वास की राजनीति पर अपनी मुहर लगा दी है।
इस जीत को भारतीय राजनीति के एक नए युग का संकेत बताते हुए मुख्यमंत्री ने विजयी प्रत्याशियों को बधाई दी और जनता-जनार्दन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुशासन और राष्ट्रवाद के प्रति जनता का यह आशीर्वाद न केवल वर्तमान की जीत है, बल्कि भविष्य के समृद्ध भारत की नींव भी है। यह जनादेश दर्शाता है कि सेवा और समर्पण की राजनीति ही लोकतंत्र में सर्वोपरि है, जो देशवासियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के संकल्प को और अधिक सुदृढ़ करती है।

