सरगुजा छत्तीसगढ़। अम्बिकापुर में निवेश के नाम पर बड़ी ठगी का मामला सामने आया है, जहां “धनलक्ष्मी स्कीम” में अतिरिक्त लाभ दिलाने का झांसा देकर एक युवक से लाखों रुपये ऐंठ लिए गए। मामले में गांधीनगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके अन्य साथी अब भी फरार हैं।

पीड़ित अविनाश कुमार ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वह कल्याण ज्वेलर्स की एक स्कीम से प्रभावित होकर उसमें निवेश करने लगा था। शुरुआत में उसे भरोसा दिलाने के लिए छोटे लेन-देन में मुनाफा भी दिया गया, जिससे उसका विश्वास और मजबूत हो गया। इसके बाद आरोपी राजेश कुमार तिवारी और उसके साथियों ने अलग-अलग खातों और क्यूआर कोड के माध्यम से लगातार रकम जमा करवाई।
नवंबर से दिसंबर 2025 के बीच पीड़ित से कुल 7 लाख 59 हजार रुपये जमा कराए गए, लेकिन बाद में केवल 1 लाख 87 हजार रुपये ही वापस किए गए। जब पीड़ित को संदेह हुआ और उसने जानकारी ली, तो आरोपी लगातार टालमटोल करते रहे। आखिरकार खुद को ठगा महसूस होने पर पीड़ित ने थाना गांधीनगर में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें करीब 5 लाख 72 हजार रुपये की ठगी की पुष्टि हुई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी और एसएसपी सरगुजा के निर्देश पर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और बैंक ट्रांजेक्शन डिटेल के आधार पर जांच शुरू की। व्हाट्सएप चैट और खातों की जानकारी खंगालने के बाद आरोपी राजेश कुमार तिवारी को रायपुर से हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया वन प्लस मोबाइल और सिम कार्ड भी जब्त किया गया है।
फिलहाल आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है, वहीं इस ठगी में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। यह मामला एक बार फिर निवेश के नाम पर फैल रहे ठगी के नेटवर्क की गंभीरता को उजागर करता है, जहां लालच और भरोसे का फायदा उठाकर लोगों को निशाना बनाया जा रहा है।

