सरगुजा। 2012 बैच के आईपीएस अधिकारी राजेश कुमार अग्रवाल ने शनिवार को सरगुजा जिले के नए पुलिस अधीक्षक के रूप में पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने मीडिया से रूबरू होते हुए जिले में कानून व्यवस्था को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दी है।
पुलिस अधीक्षक अग्रवाल ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी रखी जाएगी। यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए शहर के रिंग रोड पर बेतरतीब और अव्यवस्थित वाहनों के खिलाफ यातायात पुलिस द्वारा अभियान चलाया जाएगा और सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि हुड़दंग करने वालों पर भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।
श्री अग्रवाल ने बताया कि ‘सूखा नशा’ जैसे इंजेक्शन, टैबलेट और गांजा जैसे मादक पदार्थों की बढ़ती समस्या जिले के लिए बड़ी चुनौती है। इसके खिलाफ सघन अभियान चलाया जाएगा।
साथ ही, उन्होंने चेतावनी दी कि नाबालिग बच्चों द्वारा वाहन चलाने की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए उनके अभिभावकों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। एसपी अग्रवाल ने कहा कि सामूहिक प्रयासों से जिले में अपराध और अव्यवस्था पर काबू पाया जाएगा।

