अंबिकापुर, छत्तीसगढ़। सरगुजा जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां अवैध संबंध के शक ने एक व्यक्ति की जान ले ली। आरोपी पति ने आवेश में आकर अपने ही परिचित पर लाठी से ऐसा वार किया कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हैरानी की बात यह रही कि हत्या के बाद आरोपी ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर शव को घर में ही पहले से बने गड्ढे में दफना दिया और ऊपर से मिट्टी डालकर छिपाने की कोशिश की।
घटना भगवानपुर खुर्द इलाके की है। बताया जा रहा है कि मृतक बृजलाल अगरिया और आरोपी मिथलेश कुजूर के बीच पहले से ही विवाद चल रहा था। मृतक का आरोपी की पत्नी के साथ मेलजोल को लेकर शक गहराता जा रहा था, जो आखिरकार खूनी अंजाम तक पहुंच गया। घटना वाली रात दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मिथलेश ने गुस्से में आकर लाठी से सिर पर वार कर दिया, जिससे बृजलाल की मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी घबरा गया और सबूत मिटाने के इरादे से पत्नी राजकुमारी की मदद ली। दोनों ने मिलकर घर में बने सुअर पालन के गड्ढे में शव डालकर उसे ढक दिया, ताकि किसी को भनक न लगे। कई दिनों तक मामला दबा रहा, लेकिन आखिरकार सच सामने आ गया।
जब मृतक के लापता होने की जानकारी सामने आई और जांच शुरू हुई, तो पूरा मामला उजागर हो गया। शव को घर के भीतर से बरामद किया गया, जिसकी पहचान परिजनों और ग्रामीणों ने की। जांच के दौरान हत्या में इस्तेमाल किया गया डंडा, फावड़ा, खून लगे कपड़े और टूटा हुआ मोबाइल भी बरामद किया गया।
पूरे घटनाक्रम ने इलाके में सनसनी फैला दी है। एक मामूली शक ने किस तरह रिश्तों को खून में बदल दिया, यह घटना उसी की बानगी है। फिलहाल दोनों आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है, और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

