सरगुजा जिले में शिक्षा विभाग की घोर लापरवाही का एक और मामला सामने आया है, ऐसा नहीं है कि यह कोई पहला मामला है जब शिक्षा विभाग की लापरवाही उजागर हुई हो। दरअसल लखनपुर विकासखंड के ग्राम तिरकेला के आश्रित ग्राम सुगाआमा स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में पांचवीं बोर्ड परीक्षा के दौरान सरगुजा शिक्षा विभाग को शर्मसार कर देने वाला नजारा देखने को मिला।
पांचवीं बोर्ड की परीक्षा दे रहा था अंशकालीन स्वीपर
छत्तीसगढ़ सरकार ने शिक्षा स्तर में सुधार के लिए इस वर्ष कक्षा पांचवीं और आठवीं में फिर से बोर्ड परीक्षा प्रणाली लागू की थी, लेकिन कुछ शिक्षक इसकी गरिमा को दागदार करने से बाज नहीं आ रहे हैं। आज सुबह यानि दिन सोमवार को 9:00 बजे से 11:00 बजे तक हिंदी विषय की परीक्षा चल रही थी। परीक्षा केंद्र में जब जाकर देखा गया तो वहां विद्यार्थी की जगह स्कूल का अंशकालीन स्वीपर परीक्षा दे रहा था!
कैमरे में कैद हुई सारी घटना
इस घटना का वीडियो भी कैमरे में कैद हो गया, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि एक अंशकालीन स्वीपर परीक्षा हाल में बैठकर परीक्षा लिख रहा है। यह मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
शिक्षा अधिकारी ने क्या कहा?
मामले की जानकारी मिलते ही जिला शिक्षा अधिकारी अशोक सिंह ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए सख्त कार्रवाई की बात कही। उनका बयान है कि “इस घोर लापरवाही के लिए केंद्र अध्यक्ष पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी।”

