गांधीनगर। मतदान के दौरान गांधीनगर मतदान केंद्र के बाहर हंगामे की स्थिति बन गई, जब पुलिसकर्मियों और भाजपा के वरिष्ठ नेता अनिल सिंह मेजर के बीच तीखी बहस हो गई।
घटना उस समय हुई जब भाजपा पार्षद उम्मीदवार विपिन पांडे उर्फ छोटू पंडित मतदान केंद्र के बाहर से मतदाताओं को मतदान के लिए भेज रहे थे। इस पर तैनात पुलिसकर्मियों ने आपत्ति जताई और कहा कि मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) पहले से मौजूद हैं।
इस पर भाजपा नेता अनिल सिंह मेजर भड़क गए और पुलिस से सवाल किया कि उनके प्रत्याशी मतदान केंद्र के गेट के बाहर ही मौजूद रहेंगे, जबकि भीड़ को नियंत्रित करने की जिम्मेदारी पुलिस की है। इस बहस के चलते मौके पर कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बनी रही।
फिलहाल, मतदान केंद्र पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

