छत्तीसगढ़,अम्बिकापुर। अम्बिकापुर में खाद्य एवं औषधि विभाग ने एक्सपायरी खाद्य सामग्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए बस स्टैंड स्थित शिवम मिष्ठान और डेली नीड्स पर छापेमारी की। इस दौरान दुकान से करीब 2 लाख रुपये से अधिक की एक्सपायरी सामग्री बरामद की गई, जिसे तत्काल जब्त कर नष्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।

बताया जा रहा है कि इस दुकान के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद विभाग ने जांच कर यह कार्रवाई की। कलेक्टर अजीत बसंत के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में नियमों के गंभीर उल्लंघन पाए गए, जिसके चलते दोनों प्रतिष्ठानों का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया है। साथ ही 25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।

खाद्य एवं औषधि विभाग ने साफ किया है कि 27 अप्रैल से 11 मई तक पूरे प्रदेश में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और एक्सपायरी डेट को लेकर विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि आम लोगों की सेहत के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ न हो।
अधिकारी नितेश कुमार मिश्रा ने बताया कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।

