अंबिकापुर। गांधीनगर थाना क्षेत्र के तुलसी चौक पर स्कूटी चोरी करने आए एक युवक को लोगों ने रंगे हाथ पकड़ लिया और जमकर पीटा। गुस्साए लोगों ने युवक के हाथ-पैर बांधकर बीच सड़क पर उसकी बेरहमी से पिटाई की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दौरान उसका साथी मौके से फरार हो गया।
चोरी करते पकड़ा गया युवक, साथी फरार,
युवक अपने एक साथी के साथ स्कूटी चोरी करने के इरादे से तुलसी चौक पहुंचा था। जैसे ही उसने चोरी की कोशिश की, स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया। साथी भीड़ को देख मौके से भाग निकला, लेकिन पकड़े गए युवक पर गुस्साई भीड़ ने हाथ साफ कर दिया।
गुस्साए लोगों ने हाथ-पैर बांधकर की पिटाई
युवक के पकड़े जाने के बाद लोग इतने आक्रोशित हो गए कि उन्होंने पहले उसकी जमकर धुनाई की और फिर हाथ-पैर बांधकर सड़क पर पटक दिया। भीड़ का गुस्सा इस कदर था कि कोई भी उसे बचाने नहीं आया।
मौके पर पहुंची पुलिस, घायल युवक को लिया हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह भीड़ को शांत कराया। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल युवक को हिरासत में लेकर अस्पताल पहुंचाया। युवक के द्वारा स्कूटी चोरी करने का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है और उसी आधार पर पुलिस आगे की जांच में जुट गई हैं।
पुलिस के पास नही हैं शासकीय वाहन
विडंबना देखिए इस घटना के बाद जब गांधीनगर पुलिस को सूचना दी गई तो मौके पर पहुंची पुलिस के पास शासकीय वाहन नहीं होने पर स्कूटी चोर के आरोप में घायल युवक को इलाज के लिए ई रिक्शा में अस्पताल ले जाया गया।

