सूरजपुर। किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) बनवाने और लाखों रुपये का लोन दिलाने का झांसा देकर करीब 10 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को प्रेमनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और लगातार अपना ठिकाना बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था।
मामला चंदननगर निवासी मोतीराम का है, जिन्होंने 1 मई 2026 को थाना प्रेमनगर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, गांव के ही गोरेलाल सिंह ने वर्ष 2022 में किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने और 3 से 4 लाख रुपये का लोन स्वीकृत कराने का लालच दिया। आरोपी ने मोतीराम और उनके पिता के संयुक्त खाते से दो अलग-अलग ऋणों के माध्यम से कुल 9 लाख 95 हजार रुपये निकलवा लिए।
आरोप है कि आरोपी ने पीड़ित को केवल एक लाख रुपये देकर शेष राशि खुद हड़प ली। इतना ही नहीं, उसने चेकबुक और एटीएम कार्ड भी अपने पास रख लिया और खाते से रकम निकालकर गबन कर लिया। मामले में प्रेमनगर पुलिस ने धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी।
डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर पुलिस लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी। हाल ही में उसके करजी क्षेत्र में छिपे होने की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अन्य ग्रामीणों के साथ भी इसी तरह की धोखाधड़ी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त होंडा साइन मोटरसाइकिल, टीवीएस इलेक्ट्रिक स्कूटी, स्टेट बैंक का चेकबुक और एटीएम कार्ड जब्त किया है।
गिरफ्तार आरोपी गोरेलाल सिंह (48) निवासी चंदननगर को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी ने और कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।

