अम्बिकापुर। सरगुजा पुलिस ने साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत म्यूल अकाउंट धारकों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना गांधीनगर क्षेत्र के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के बैंक खातों का उपयोग देश के विभिन्न राज्यों में हुई ऑनलाइन ठगी की रकम के लेन-देन के लिए किया जा रहा था। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस मुख्यालय (तकनीकी सेवाएं) नवा रायपुर के निर्देश पर म्यूल अकाउंट, फर्जी सिम और साइबर अपराधों में उपयोग किए जा रहे बैंक खातों की लगातार जांच की जा रही है। इसी दौरान थाना गांधीनगर पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए गुफरान जाहिद (32) और तजमुल अंसारी (25) को गिरफ्तार किया।
जांच में सामने आया कि गुफरान जाहिद के बैंक ऑफ बड़ौदा खाते के खिलाफ कर्नाटक, महाराष्ट्र, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, गुजरात और तेलंगाना सहित कई राज्यों से साइबर पोर्टल पर शिकायतें दर्ज थीं। वहीं तजमुल अंसारी के खाते के खिलाफ कर्नाटक, राजस्थान, उत्तरप्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और तेलंगाना से ऑनलाइन शिकायतें दर्ज मिलीं। दोनों खातों में ऑनलाइन माध्यम से संदिग्ध रकम का लेन-देन पाया गया।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपना बैंक खाता मात्र 5 हजार रुपये में दूसरे व्यक्तियों को बेचने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उनके मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए हैं। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) एवं 317(4) के तहत अपराध दर्ज कर 29 मई को गिरफ्तार किया गया।
सरगुजा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी परिस्थिति में अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, चेकबुक या मोबाइल नंबर किसी अन्य व्यक्ति को न दें। ऐसे खाते साइबर ठगी और अन्य अपराधों में इस्तेमाल हो सकते हैं, जिसके लिए खाता धारक भी कानूनी कार्रवाई का सामना कर सकता है।

