सीतापुर। नायब तहसीलदार से कथित मारपीट मामले में गिरफ्तारी देने निकले सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो एक बार फिर चर्चा और विवादों के केंद्र में आ गए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में विधायक के साथ बड़ी संख्या में समर्थकों और वाहनों का काफिला दिखाई दे रहा है, जिसको लेकर लोगों के बीच तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समय-समय पर जनप्रतिनिधियों और सरकारी पदाधिकारियों से ईंधन बचाने और सादगी अपनाने की अपील करते रहे हैं। ऐसे में गिरफ्तारी देने जैसे कार्यक्रम में सैकड़ों वाहनों का काफिला दिखाई देने पर सोशल मीडिया यूजर्स सवाल उठा रहे हैं कि आखिर इस शक्ति प्रदर्शन की जरूरत क्यों पड़ी?
वायरल वीडियो को खुद विधायक समर्थकों द्वारा साझा किए जाने की बात कही जा रही है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों का कहना है कि यदि मामला कानून और जांच से जुड़ा है तो फिर इतने बड़े काफिले और राजनीतिक प्रदर्शन का क्या औचित्य है। कई लोगों ने इसे आम जनता के बीच ताकत दिखाने की कोशिश बताया है।
फिलहाल वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और विधायक रामकुमार टोप्पो एक बार फिर राजनीतिक बहस के केंद्र में आ गए हैं। अब देखना होगा कि इस पूरे मामले पर विधायक या उनके समर्थकों की ओर से कोई स्पष्टीकरण सामने आता है या नहीं।

