सरगुजा: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के अंतिम चरण के मतदान से ठीक पहले जिले के लुंड्रा के डढ़हौली में पूर्व विधायक विजय नाथ सिंह के पुत्र और जिला पंचायत सदस्य क्षेत्र क्रमांक 9 के प्रत्याशी शैलेश कुमार सिंह पर देर रात कुछ लोगों ने हमला कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शैलेश कुमार सिंह चुनाव प्रचार के दौरान पोलिंग बूथ एजेंट से मुलाकात कर लौट रहे थे, तभी बीच रास्ते मे वाहन रोकर उन पर हमला किया गया। आरोप है कि जिला पंचायत सदस्य क्षेत्र क्रमांक 9 के दूसरे प्रत्याशी देवनारायण यादव, उनके पुत्र पुखराज और उनके अन्य सहयोगियों ने इस घटना को अंजाम दिया। हमलावरों ने न केवल शैलेश कुमार सिंह के साथ मारपीट की बल्कि उनके साथ गाली-गलौज कर उनके मोबाइल और पैसे भी लूट लिए। इसके अलावा, उनके चारपहिया वाहन के टायर की हवा भी निकाल दी गई, जिससे वे मौके पर ही फंस गए।
घटना से भयभीत शैलेश कुमार सिंह ने लुंड्रा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है। पंचायत चुनाव के दौरान इस तरह की घटना से क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है ताकि मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।
देखिए वीडियो –

