सरगुज। जमीन विवाद ने एक बार फिर खूनी रूप ले लिया है। सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र अंतर्गत लालमाटी गांव में जमीन को लेकर हुए विवाद में एक युवक की निर्मम हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान आरोपी ने पहले युवक के साथ मारपीट की और इसके बाद उस पर ट्रैक्टर चढ़ाकर उसकी जान ले ली।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। वारदात की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। ग्रामीणों की सूचना पर बतौली पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हत्या की वजह जमीन से जुड़ा पुराना विवाद बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है तथा फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। लालमाटी गांव में हुई इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

