सरगुजा, छत्तीसगढ़। अंबिकापुर के गांधीनगर थाना क्षेत्र के सुभाष नगर में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां किराए के मकान में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे एक युवक की खून से लथपथ लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना में उसके साथ रह रही युवती ने भी अपना गला काट लिया, जिसे गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक मृतक युवक की पहचान मोहन पैकरा के रूप में हुई है, जबकि उसके साथ रह रही युवती का नाम महिमा सिदार बताया जा रहा है। दोनों पिछले करीब 10 वर्षों से अलग-अलग जगहों पर किराए का मकान लेकर साथ रह रहे थे।
बताया जा रहा है कि रक्षाबंधन के मौके पर महिमा अपने घर जाना चाहती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ। युवती के अनुसार, विवाद के दौरान मोहन ने खुद अपना गला काट लिया। जब उसने मोहन को खून से लथपथ देखा तो घबराकर उसने भी अपना गला काट लिया।
घटना की सूचना मिलते ही गांधीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि गंभीर रूप से घायल युवती का मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज जारी है।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। विवाद की वास्तविक वजह और युवक की मौत के पीछे की परिस्थितियों को लेकर पुलिस युवती के बयान समेत अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है।

