अंबिकापुर। बीए प्रथम वर्ष की छात्रा की आत्महत्या के मामले में एनएसयूआई छात्र नेता ज्ञान तिवारी के खिलाफ गांधीनगर पुलिस ने आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने का अपराध दर्ज किया है। छात्रा ने दो दिन पहले अपने घर के बाथरूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद मृतका के परिजनों ने ज्ञान तिवारी पर लंबे समय से प्रताड़ित करने और ब्लैकमेलिंग करने के गंभीर आरोप लगाए थे।

परिजनों की शिकायत के आधार पर गांधीनगर पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों का आरोप है कि ज्ञान तिवारी लंबे समय से छात्रा को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। इसी प्रताड़ना और ब्लैकमेलिंग को छात्रा की आत्महत्या से जोड़ते हुए उन्होंने पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर एनएसयूआई छात्र नेता ज्ञान तिवारी के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण का मामला दर्ज किया है। वहीं, आरोपी छात्र नेता के फरार होने की जानकारी सामने आई है। गांधीनगर पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

