अंबिकापुर में विवादित सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो की गिरफ्तारी के बाद बुधवार को कोतवाली पुलिस ने उसे जिला न्यायालय में पेश किया। आकांक्षा की पेशी को लेकर कोर्ट परिसर में गहमागहमी का माहौल रहा।

आकांक्षा के कोर्ट पहुंचते ही बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और सर्व आदिवासी समाज के लोग परिसर में मौजूद रहे। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से आकांक्षा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ‘जेल भेजो’ के नारे लगाए गए। मौके पर लोगों की भीड़ के चलते कोर्ट परिसर में पुलिस की मौजूदगी भी बढ़ाई गई।

बता दें कि आकांक्षा टोप्पो और होली क्रॉस कॉलेज के लेक्चरर अकील अहमद के खिलाफ दो दिन पहले कोतवाली थाने में मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आकांक्षा को गिरफ्तार किया।
अब आकांक्षा को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद इस मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

