रायपुर, छत्तीसगढ़। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। राज्य सरकार ने एक साथ कई IAS अधिकारियों के तबादले और प्रभार में बदलाव के आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल के तहत सरगुजा जिले के कलेक्टर संदीपन विलास भोस्कर को हटा दिया गया है। उनके स्थान पर कोरबा जिले के कलेक्टर अजीत वसंत को सरगुजा कलेक्टर का अतिरिक्त एवं अस्थायी प्रभार सौंपा गया है।

सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह व्यवस्था आगामी आदेश तक प्रभावशील रहेगी। प्रशासनिक सूत्रों की मानें तो सरकार ने यह निर्णय प्रशासनिक संतुलन और कार्यकुशलता को ध्यान में रखते हुए लिया है। सरगुजा जैसे संवेदनशील और बड़े जिले की जिम्मेदारी अब कोरबा कलेक्टर अजीत वसंत के पास होगी, जो अब सरगुजा की कमान संभालेंगे।
इस तबादला सूची में केवल सरगुजा ही नहीं, बल्कि प्रदेश के कई अन्य जिलों के कलेक्टरों और वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के प्रभार में भी बदलाव किया गया है। सरकार के इस फैसले को आगामी प्रशासनिक और विकासात्मक योजनाओं से जोड़कर देखा जा रहा है।
सरगुजा जिले में हाल के दिनों में लगातार प्रशासनिक गतिविधियां और संवेदनशील मामले सामने आए हैं। ऐसे में नए प्रभार के बाद जिले में प्रशासनिक सख्ती और निर्णय प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

