जशपुर। शासन की महत्वाकांक्षी शैक्षणिक योजनाओं में फर्जीवाड़ा कर लाभ लेने के मामले में जशपुर पुलिस ने एक शासकीय शिक्षक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने अपनी वास्तविक आय छुपाकर गलत आय प्रमाण पत्र बनवाया और अपनी पुत्री को पंडित जवाहरलाल नेहरू उत्कर्ष योजना के तहत निःशुल्क प्रवेश दिलाया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार पत्थलगांव निवासी शासकीय शिक्षक चमर साय पैकरा के खिलाफ शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपनी वार्षिक आय मात्र 75 हजार रुपये दर्शाते हुए आय प्रमाण पत्र बनवाया था, जबकि शिक्षा विभाग से प्राप्त दस्तावेजों के अनुसार उसकी वास्तविक वार्षिक आय करीब 6 लाख 79 हजार 471 रुपये थी।
आरोप है कि शिक्षक ने स्वयं को कृषक बताते हुए गलत जानकारी और मिथ्या शपथ पत्र प्रस्तुत किया, जिसके आधार पर उसकी पुत्री को शैक्षणिक सत्र 2024-25 में कक्षा छठवीं में उत्कर्ष योजना के तहत मुफ्त शिक्षा का लाभ मिला। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के इस कृत्य से उन गरीब एवं मेधावी विद्यार्थियों के अवसर प्रभावित हुए, जो वास्तव में इस योजना के पात्र थे।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पत्थलगांव थाना में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान आरोप प्रमाणित पाए जाने पर 30 मई 2026 को आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

