जशपुर। उड़ीसा से गांजे की बड़ी खेप लेकर निकली स्विफ्ट कार जशपुर पहुंचते ही पुलिस के जाल में फंस गई। मुखबिर की सटीक सूचना पर कोतबा पुलिस ने जामझोर के पास घेराबंदी कर कार को रोका। तलाशी ली गई तो दो बोरियों के भीतर प्लास्टिक टेप से चिपकाकर रखे गए 70 पैकेट मिले। पैकेट खुलते ही पुलिस के सामने गांजे की बड़ी खेप थी। तौल कराने पर कुल 72 किलो 340 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस के मुताबिक गांजे की अनुमानित कीमत करीब 36 लाख रुपये है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल मारुति स्विफ्ट कार करीब 5 लाख रुपये और मोबाइल फोन करीब 20 हजार रुपये का है। इस तरह कार्रवाई में करीब 41 लाख 20 हजार रुपये की कुल जप्ती हुई है।

मामले में पुलिस ने रोहित यादव (35), निवासी जामझोर दर्रा पारा, कोतबा को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी गांजा तस्करी के मामलों में पकड़ा जा चुका है। उसके खिलाफ कोतबा और अंबिकापुर में पूर्व में गांजा बरामदगी के कई मामले दर्ज रहे हैं।
यही वजह है कि पुलिस ने आरोपी की संपत्ति की भी जांच की थी। पुलिस के मुताबिक सफेमा एक्ट के तहत आरोपी की कार और बाइक समेत 40 लाख रुपये से अधिक कीमत की संपत्ति पर पहले ही कार्रवाई की जा चुकी है। इसके बावजूद आरोपी दोबारा गांजे की तस्करी में सक्रिय मिला।
चार दिन में एक टन से ज्यादा गांजा बरामद
ऑपरेशन आघात के तहत जशपुर पुलिस की यह लगातार तीसरी बड़ी कार्रवाई बताई गई है। करीब तीन दिन पहले लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर पुलिस ने एक वाहन से 6 क्विंटल 32 किलो 630 ग्राम गांजा बरामद किया था। अब कोतबा में 72 किलो 340 ग्राम की खेप पकड़े जाने के बाद पिछले चार दिनों में जशपुर पुलिस द्वारा कुल 1 टन 145 किलो 350 ग्राम गांजा बरामद किया जा चुका है।
पुलिस के मुताबिक बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ 72 लाख रुपये है, जबकि तस्करी में इस्तेमाल तीन वाहनों समेत अब तक कुल करीब 6 करोड़ 22 लाख रुपये की जप्ती की जा चुकी है।
उड़ीसा और झारखंड की सीमा से जुड़े रास्तों पर पुलिस की निगरानी बढ़ाई गई है। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार से जुड़े लोगों पर लगातार नजर रखी जा रही है और सूचना मिलते ही कार्रवाई की जा रही है। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने भी स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

