मेंड्राकला स्थित खर्रा नदी में दर्दनाक हादसा, चाचा-भतीजे की डूबने से मौत, एक युवक की हालत गंभीर
अंबिकापुर में गर्मी के बीच नदी में नहाने गए तीन युवकों के साथ बड़ा हादसा हो गया। मेंड्राकला स्थित खर्रा नदी में डूबने से चाचा-भतीजे की मौत हो गई, जबकि तीसरे युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना दोपहर करीब 1 बजे की बताई जा रही है।
मृतकों की पहचान अमन कुमार (19 वर्ष) पिता अमला कुमार और उज्जवल दीप भराती (17 वर्ष) पिता कृष्णा प्रसाद भराती के रूप में हुई है, जो मायापुर स्थित चांदनी चौक के निवासी थे। वहीं जरहागढ़ निवासी समर्थ सोनी (17 वर्ष) को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि तरणताल बंद होने के कारण तीनों युवक खर्रा नदी में नहाने गए थे, तभी अचानक गहराई में जाने से वे डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों की मदद से दोनों शवों को बाहर निकाला गया, जबकि एक युवक को किसी तरह बचाकर अस्पताल पहुंचाया गया।
गौरतलब है कि एक सप्ताह के भीतर खर्रा नदी में यह दूसरा बड़ा हादसा है, जिससे क्षेत्र में दहशत और चिंता का माहौल है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

