रायगढ़। इंस्टाग्राम पर शुरू हुई दोस्ती कथित तौर पर प्रेम संबंध में बदली और फिर शादी का भरोसा देकर युवती से शारीरिक संबंध बनाने का मामला सामने आया है। युवती ने आरोप लगाया है कि शादी का वादा करने के बाद आरोपी युवक ने उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए, लेकिन बाद में शादी से इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, युवती ने शादी की तैयारी के नाम पर 45 हजार रुपये लेने और रकम वापस मांगने पर गाली-गलौज व मारपीट करने का भी आरोप लगाया है। मामले में पुसौर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मामला रायगढ़ जिले के पुसौर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, 19 वर्षीय युवती ने 7 सितंबर 2026 को थाना पुसौर में ग्राम बुनगा निवासी अनिल कुमार साव के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। युवती ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उसे इंस्टाग्राम पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी थी। रिक्वेस्ट स्वीकार होने के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। इसी दौरान आरोपी ने युवती से प्रेम का इजहार करते हुए उससे शादी करने और पत्नी बनाकर रखने का भरोसा दिलाया।
शिकायत के अनुसार, 15 अक्टूबर 2025 को आरोपी ने युवती को पटेलपाली कॉलेज के पास मिलने बुलाया। इसके बाद उसे होटल ले जाया गया, जहां युवती ने अपनी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए जाने का आरोप लगाया। युवती का कहना है कि इसके बाद मई 2026 तक आरोपी ने अलग-अलग स्थानों पर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए।
युवती के मुताबिक, जब उसने आरोपी पर शादी करने के लिए दबाव बनाया तो वह कथित तौर पर विवाद करने लगा और उसे वहां से भगा देता था। युवती ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने शादी की तैयारी के नाम पर उससे 45 हजार रुपये लिए, लेकिन बाद में शादी करने से साफ इनकार कर दिया। रकम वापस मांगने पर गाली-गलौज और मारपीट किए जाने की बात भी शिकायत में कही गई है।
घटना की जानकारी युवती ने अपने माता-पिता और सहेली को दी। इसके बाद उसने पुसौर थाने पहुंचकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 229/2026, धारा 69 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने पीड़िता का महिला पुलिस अधिकारी के समक्ष बयान दर्ज कराने के साथ मेडिकल परीक्षण भी कराया।

